शिलचर नगर निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड ने ली शपथ, अमरेंद्र पाल बने मेयर और विजेंद्र प्रसाद सिंह डिप्टी मेयर

शहर के विकास, पेयजल समस्या के समाधान, बेहतर नागरिक सुविधाओं और भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम बनाने का संकल्प

रानू दत्त शिलचर, 5 नवंबर। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को शिलचर नगर निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। शहर के राजीव भवन में आयोजित समारोह में सभी 42 वार्डों के नवनिर्वाचित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसी के साथ नवनिर्वाचित मेयर अमरेंद्र पाल और डिप्टी मेयर विजेंद्र प्रसाद सिंह ने भी औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला।

समारोह में असम सरकार के मंत्री कौशिक राय, अभिभावक मंत्री कृष्णेंदु पाल, सांसद परिमल शुक्लवैद्य, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव एवं कनाद पुरकायस्थ सहित सात विधायक उपस्थित रहे। इनमें डॉ. राजदीप रॉय, राजदीप गोवाला, किशोर नाथ, अमिनुल हक लस्कर, अमियकांति दास, कमलाक्ष दे पुरकायस्थ और डॉ. मिलन दास शामिल थे।

इसके अलावा गृह एवं नगर विकास विभाग के आयुक्त सचिव पद्मनाभन, गृह एवं नगर विकास विभाग तथा शिलचर नगर निगम के प्रशासक-सचिव डॉ. जीवन बी., जिला आयुक्त राहुल कुमार गुप्ता, शिलचर नगर निगम के आयुक्त अंकुर दास, भाजपा के कछार जिला अध्यक्ष रूपम साहा, असम गण परिषद के कछार जिला अध्यक्ष नजरुल इस्लाम लस्कर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

समारोह के उपरांत सर्वसम्मति से वार्ड संख्या 37 के पार्षद अमरेंद्र पाल को शिलचर नगर निगम का मेयर चुना गया। वहीं वार्ड संख्या 9 के पार्षद विजेंद्र प्रसाद सिंह को डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित मेयर, डिप्टी मेयर, अन्य पार्षदों और मंत्री कौशिक राय ने अपने संबोधन में शिलचर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने शहर की जर्जर सड़कों के सुधार, पेयजल संकट के स्थायी समाधान, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, नागरिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण तथा भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम के निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही।

इसके साथ ही शहर की लंबे समय से चली आ रही यातायात जाम की समस्या के समाधान और शिलचर को एक आधुनिक एवं विकसित शहर के रूप में स्थापित करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर शिलचर नगरपालिका को नगर निगम में उन्नत करने के लिए नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी पांच वर्षों में शहर के बुनियादी ढांचे के विकास और नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए विशेष पहल की जाएगी।

नए बोर्ड के कार्यभार संभालने के साथ ही शिलचर के प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। अब शहरवासियों की निगाहें नए मेयर और डिप्टी मेयर के नेतृत्व पर टिकी हैं। देखना होगा कि शहर की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान कितनी तेजी से होता है और विकास के वादे धरातल पर किस हद तक उतरते हैं।

Leave a Comment