झारखंड के हजारीबाग में पटना निवासी दो सगे भाइयों के आवास पर एनआईए का छापा,जाली नोट से जुड़े हुए हैं मामले,सभी निगाहें एनआईए की खुलासा पर टिकी 

अनिल मिश्र/रांची 

झारखंड  प्रदेश के हजारीबाग में जाली नोट के मामले को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज बड़ी कार्रवाई की ।आज बुधवार  को अहले सुबह एनआईए की टीम ने हजारीबाग शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ में दो सगे भाइयों के घर छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक बिहार की राजधानी पटना से पहुंची जांच टीम ने उदय साव और प्रदीप साव के घर की तलाशी ली।  ये दोनों भाई मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार, जाली नोट से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में एनआईए की टीम बुधवार सुबह हजारीबाग पहुंची। इसके बाद बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ में उदय साव और प्रदीप साव के घर तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने घर में मौजूद विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की। इस संबंध में बताया जा रहा है कि जांच टीम अपने साथ प्रिंटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक मशीनें और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ले गई है। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, उदय साव और प्रदीप साव मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और हजारीबाग में रह रहे थे। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों भाई ज्यादा लोगों से बातचीत नहीं करते थे और अपने काम से काम रखते थे। हालांकि, जाली नोट के मामले में दोनों की कथित भूमिका और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं फिलहाल इस छापेमारी को लेकर एनआईए की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं जांच के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ और दोनों भाइयों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद हजारीबाग शहर में  चर्चा तेज हो गई है। वहीं अब सभी की नजरें एनआईए की आधिकारिक जानकारी पर ही टिकी  हुई हैं।

Leave a Comment