मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में कछार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 38 असम राइफल्स के साथ संयुक्त अभियान चलाकर चेंकुड़ी बाईपास के निकट एक स्कूटी की डिक्की से 12 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद किए गए।
इस मामले में स्कूटी चालक नजरुल इस्लाम लस्कर को हिरासत में लिया गया है। वह शिलचर के कनकपुर पार्ट-2 इलाके का निवासी बताया गया है। AS-11-AB-7634 नंबर की स्कूटी की तलाशी के दौरान ये मादक पदार्थ बरामद हुए।
एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत वीडियोग्राफी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई। मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।