लखीमपुर में वीर लाचित सेना के हेमंत बोरा गुट की प्रेस कॉन्फ्रेंस

जोरहाट में केंद्रीय समिति के गठन पर उठाए सवाल, 23 और 24 नवंबर को लखीमपुर में होगा सैनिक समारोहम्
अदालती हस्तक्षेप के बाद 1 और 2 नवंबर का सैनिक समारोह हुआ रद्द
लखीमपुर, 2 नवंबर (स्टाफ रिपोर्टर): वीर लाचित सेना के रंतु पानी फुकन गुट द्वारा आज जोरहाट में केंद्रीय समिति का गठन किए जाने के बीच लखीमपुर में वीर लाचित सेना के स्थायी परिषद के अध्यक्ष हेमंत बोरा ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर इस घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
संवाददाता सम्मेलन में हेमंत बोरा ने रंतु पानी फुकन गुट की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में डंपर घोटाले के कारण संगठन की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने कहा कि संगठन के नाम पर कथित रूप से विभिन्न अनियमितताओं के आरोपों और न्यायालय में मामला लंबित रहने के बावजूद जोरहाट में केंद्रीय समिति का गठन करना कई सवाल खड़े करता है।
इस अवसर पर वीर लाचित सेना के मुख्य संयोजक प्राणजीत गोगोई ने कहा कि वीर लाचित के नाम पर गठित संगठन को कुछ लोग अपने निजी स्वार्थों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन के अध्यक्ष को विश्वास में लिए बिना लखीमपुर में एक स्वागत समिति का गठन किया गया और 1 एवं 2 नवंबर को सैनिक समारोह आयोजित करने की तैयारी की गई थी।
प्राणजीत गोगोई के अनुसार, न्यायालय के हस्तक्षेप के कारण निर्धारित तिथियों पर सैनिक समारोह आयोजित नहीं हो सका। इसके बावजूद आज जोरहाट में बैठक आयोजित कर केंद्रीय समिति का गठन किया गया, जिसे उन्होंने पूरी तरह अवैध करार दिया। उन्होंने संबंधित पक्ष से वीर लाचित सेना के नाम और प्रतिष्ठा को धूमिल नहीं करने की अपील की।
वहीं, हेमंत बोरा गुट ने संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से घोषणा की कि आगामी 23 एवं 24 नवंबर को लखीमपुर में सैनिक समारोह का आयोजन किया जाएगा।
आज के संवाददाता सम्मेलन में वीर लाचित सेना के स्थायी परिषद के अध्यक्ष उज्ज्वल राजखोवा, संयोजक राजीव राज फुकन, मृदु प्रबन लाहन तथा मुहिनी मोहन राजखोवा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। 

Leave a Comment