शिलचर, 1 नवंबर। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिलचर के 26 नंबर वार्ड अंतर्गत कनकपुर द्वितीय खंड के महादेव बाड़ी रोड पर कनक संघ की ओर से सार्वजनिक श्रीश्री श्यामा काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 7 नवंबर, शनिवार को पूजा का शुभारंभ होगा।
इस वर्ष पूजा पंडाल का मुख्य आकर्षण ‘तांत्रिक गुफा’ होगा। इस विशेष थीम के माध्यम से आयोजकों ने पूजा मंडप को आकर्षक एवं अनूठा रूप देने की तैयारी की है, ताकि श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए यह यादगार अनुभव बन सके।
दीपावली की पावन रात्रि में मां काली की विधिवत आराधना के साथ दीप प्रज्वलन, आरती, पुष्पांजलि एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष मौसुम पाल, देवाशीष दास एवं सुमन राय, सह-संपादक सुमित राय, सुकमल सरकार, अंकित राय एवं अंतु पाल, कोषाध्यक्ष मौमिक राय तथा संदीप दास सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
आयोजक समिति की ओर से क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं निवासियों को पूजा में शामिल होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।