शिलचर, 31 अक्टूबर: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत एस. जे. रोड से छेछरी गनिरग्राम तक संपर्क सड़क का निर्माण कार्य जारी रहने के मद्देनजर लोक निर्माण सड़क विभाग (पीडब्ल्यूआरडी) ने इस मार्ग पर निर्धारित सीमा से अधिक वजन वाले भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
कटिगड़ा स्थित लोक निर्माण विभाग के बरखला एवं कटिगड़ा टेरिटोरियल रोड डिवीजन के कार्यकारी अभियंता द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जिन वाहनों का कुल भार (ग्रॉस लोडेड वेट-GLW) 15 मीट्रिक टन से अधिक है, उन्हें इस सड़क पर चलने की अनुमति नहीं होगी।
अधिसूचना में बताया गया है कि पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित इस सड़क का निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है। यह सड़क अत्यधिक भार वाले वाहनों तथा अधिक एक्सल लोड का दबाव सहन करने के अनुरूप तैयार नहीं की गई है। इसलिए सड़क के बुनियादी ढांचे को संभावित नुकसान से बचाने के लिए यह प्रतिबंध लगाया गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। इसका उद्देश्य सड़क की मजबूती, स्थायित्व और दीर्घकालीन उपयोगिता सुनिश्चित करना तथा आम जनता के हितों की रक्षा करना है।
विभाग की ओर से इस प्रतिबंध के कारण आम लोगों को होने वाली संभावित असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सभी से सहयोग की अपील की गई है।
असम सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के बराक घाटी क्षेत्रीय कार्यालय, शिलचर की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।