चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 31 अक्टूबर: काछार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लखीपुर थाना क्षेत्र के बिन्नाकांदी में पुलिस ने 151 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
बिन्नाकांदी में 151 ग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त, दो गिरफ्तार। नशीले पदार्थों के खिलाफ एक अभियान में लखीपुर थाना क्षेत्र के बिन्नाकांदी में पुलिस ने दो संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों को हिरासत में लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर दोपहिया वाहन पर सवार दोनों व्यक्तियों को पकड़ा।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके कब्जे से साबुनदानी में छिपाकर रखे गए संदिग्ध हेरोइन के नौ पैकेट बरामद हुए। जब्त हेरोइन का कुल वजन 151 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ दोपहिया वाहन को भी अपने कब्जे में लिया है।
इस मामले में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा जब्त मादक पदार्थों के स्रोत और संभावित तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
कछार पुलिस की लगातार कार्रवाइयों से जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है। इन मामलों की जांच के आगे बढ़ने के साथ ही अंतरराज्यीय तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।