ग्रामीण युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की सब्यसाची रुद्रगुप्त ने की अपील
रामकृष्णनगर, 29 अक्टूबर। पल्लिश्री हाई स्कूल की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को विद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन की पहल पर बराक वैली वॉलंटरी ब्लड डोनर्स फोरम और कछार कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 37 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इनमें महिला, पुरुष और युवा शामिल थे। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया।
दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन बराक उपत्यका बंग साहित्य एवं संस्कृति सम्मेलन की रामकृष्णनगर आंचलिक समिति के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण रंजन पाल, फोरम की कछार जिला समिति के अध्यक्ष देबब्रत पाल, केंद्रीय समिति के सचिव सब्यसाची रुद्रगुप्त तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवशंकर भट्टाचार्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया।
सब्यसाची रुद्रगुप्त ने कहा कि रक्तदान मानवता की महान सेवा है। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं की भागीदारी उत्साहजनक है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
देबब्रत पाल ने आयोजकों और रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। प्रधानाध्यापक शिवशंकर भट्टाचार्य ने बताया कि इस क्षेत्र में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने इसे विद्यालय की स्वर्ण जयंती का महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की उम्मीद जताई।
शिविर में कछार कैंसर हॉस्पिटल के ब्लड सेंटर के तकनीकी पर्यवेक्षक जेहेरुल इस्लाम, जीएनएम अंजलि सिन्हा, तकनीशियन सोहेल अहमद, ज्योति सेत्री, निजा सहित स्थानीय लोग उपस्थित थे। अंत में फोरम की कछार जिला समिति की ओर से रक्तदाताओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।