शिव कुमार शिलचर, 28 अक्टूबर। असम के शिलचर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के गैर-शिक्षण कर्मचारी संघ (एनटीईए) की सामान्य सभा मंगलवार को संस्थान के अतिथिगृह में आयोजित की गई। सभा में संघ की कार्यकारिणी समिति का पुनर्गठन किया गया। इस दौरान सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का मनोनयन सर्वसम्मति से किया गया।
सभा में संघ के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। नई कार्यकारिणी में डॉ. मधुछंदा नाथ को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि अशोक सिंह को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं, रूपज्योति देव को महासचिव और अमरजीत कुमार को सह महासचिव बनाया गया। कोषाध्यक्ष के रूप में गुड्डू सिंह तथा सहायक कोषाध्यक्ष के रूप में हिमाद्रि दास को जिम्मेदारी दी गई।