श्रीभूमि की घटना की रूपम संस्था ने की कड़ी निंदा, दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग

शिलचर, 27 अक्टूबर। श्रीभूमि में हाल ही में शुभ विजयादशमी के जुलूस के दौरान हुई अप्रिय घटना की रूपम सामाजिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्था ने कड़ी निंदा की है। सोमवार शाम संस्था के सचिव निखिल पाल और मृदुल मजूमदार ने घटना पर रोष व्यक्त करते हुए दोषियों को निष्पक्ष जांच के बाद कड़ी सजा देने की मांग की।

निखिल पाल ने कहा कि बराक घाटी में विभिन्न भाषाई एवं सांस्कृतिक समुदायों के लोग लंबे समय से आपसी सद्भाव और शांति के साथ रहते आए हैं। ऐसी घटनाएं बेहद निंदनीय और शर्मनाक हैं। उन्होंने सोशल मीडिया तथा समाचार माध्यमों में फैल रही अफवाहों और भ्रामक प्रचार पर रोक लगाने की अपील की। साथ ही, राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

मृदुल मजूमदार ने कहा कि इस घटना से दो भाषाई समुदायों और दोनों घाटियों के लोगों के बीच आपसी भाईचारे को ठेस पहुंची है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर समुदायों के बीच दूरी पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, स्थानीय प्रशासन और मंत्रियों द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए दोषियों को ऐसी दृष्टांतमूलक सजा देने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने का साहस न करे।

बैठक में संस्था के अध्यक्ष डॉ. विभास देव, कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार पाल, उपाध्यक्ष निहार रंजन पाल, कल्याण पाल, पंकज कांति देव, भास्कर दास, परितोष चक्रवर्ती, देवाशीष दास, काजल कर्मकार और निर्मल दास सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment