2028 तक कक्षाएं शुरू करने का लक्ष्य, खाद्य मंत्री कौशिक राय और विधायक विजय मालाकार भी रहे मौजूद
गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 27 अक्टूबर: श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के कदमतला के निकट निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का मंगलवार को असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल और खाद्य मंत्री कौशिक राय ने विधायक विजय मालाकार के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्रियों ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और पूरे भवन का निरीक्षण किया।
रामकृष्णनगर क्षेत्र के लोगों को इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने का लंबे समय से इंतजार है। इसके निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। विधायक विजय मालाकार के प्रयासों से क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण परियोजना मिली है।
निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि 2028 तक यहां शैक्षणिक कक्षाएं शुरू कर दी जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल रामकृष्णनगर मेडिकल कॉलेज नहीं, बल्कि श्रीभूमि मेडिकल कॉलेज है। यहां पढ़ाई शुरू होने के बाद क्षेत्र में और भी विकासात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। इससे आम लोगों को लाभ मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद कृपानाथ माला, श्रीभूमि के जिलाधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला परिषद सदस्य राजेश दास एवं प्रणब मुखर्जी, श्रीभूमि जिला भाजपा उपाध्यक्ष विश्वतोष सेन, रामकृष्णनगर नगरपालिका की अध्यक्ष प्रतिमा नाथ, मंडल महिला मोर्चा की अध्यक्ष रितु सरकार, वार्ड आयुक्त संदीप दत्त एवं बिशु भट्टाचार्य तथा भैरवनगर और दुल्लभछड़ा मंडलों के अध्यक्ष चंदन भर एवं हीरेश विश्वास सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान विधायक विजय मालाकार सहित स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों मंत्रियों का पुष्पगुच्छ और उत्तरीय भेंट कर स्वागत किया।