गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 26 अक्टूबर। रामकृष्ण नगर के कॉलेज रोड स्थित नवजागरण संघ की काली पूजा के उपलक्ष्य में सोमवार को खंभा पूजन (खूंटी पूजा) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूजा स्थल परिसर में महिला एवं पुरुष सदस्यों को लेकर नई कमेटी का गठन भी किया गया।
नई कमेटी में मुन्ना दत्त चौधरी को अध्यक्ष, शिविर नाथ और शीला कर धाम को उपाध्यक्ष, स्वर्णव दास को सचिव, मुनमुन पांत दास को सह-सचिव तथा विश्वरूप सेन, शुभ्रजीत पाल और देवयानी दास सहित अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
संघ के सचिव स्वर्णव दास ने बताया कि इस वर्ष नवजागरण संघ की काली पूजा 12वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। वर्ष 2015 में पहली बार पूजा का आयोजन किया गया था। इस वर्ष पूजा का बजट लगभग पांच लाख रुपये रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि रामकृष्ण नगर में उनकी पूजा का बजट सबसे बड़ा है।
वहीं, विश्वरूप सेन ने बताया कि इस बार आकर्षक विद्युत सज्जा और भव्य पंडाल के साथ एक विशेष नया आकर्षण भी रहेगा, जिसका खुलासा उचित समय पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूजा शास्त्रीय विधि-विधान के अनुसार संपन्न होगी और परंपरा के साथ आधुनिकता का समन्वय भी बनाए रखा जाएगा।
नवजागरण संघ की ओर से क्षेत्र के सभी लोगों को पूजा में शामिल होने और उत्सवमय वातावरण बनाने का आमंत्रण दिया गया है।