बिहू नृत्य कलाकारों पर जानलेवा हमले की मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने की कड़ी निंदा

विधायक विजय मालाकार और मंत्री कृष्णेंदु पाल ने घायल कलाकारों के घर पहुंचकर जाना हालचाल

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 26 अक्टूबर। असम के श्रीभूमि जिले में बिहू नृत्य कलाकारों पर हुए जानलेवा हमले की मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कड़ी निंदा की है। यह घटना शनिवार को श्रीभूमि हिंदुस्तान क्लब द्वारा आयोजित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन समारोह के दौरान हुई। कार्यक्रम में बरगुल और आदरकोना गांवों के बिहू नृत्य कलाकार शामिल हुए थे। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने उन पर हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर कहा कि असमिया कलाकारों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहू कलाकारों पर हमला असमिया समाज पर हमला है। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस मामले में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस मामले में श्रीभूमि पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर रविवार को लक्ष्मी पूजा के अवसर पर जनस्वास्थ्य तकनीकी एवं अन्य विभागों के मंत्री कृष्णेंदु पाल और विधायक विजय मालाकार घायल कलाकारों का हालचाल जानने उनके घर पहुंचे। दोनों नेताओं ने बरगुल और आदरकोना गांवों में कलाकारों के परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधायक विजय मालाकार ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि कलाकार देश और राज्य का गौरव होते हैं। उन पर हमला करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को उचित सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वे हमेशा असमिया नृत्य कलाकारों के साथ खड़े रहेंगे।

मंत्री कृष्णेंदु पाल ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि असमिया कलाकारों पर हमला पूरे असमिया समाज का अपमान है। इस घटना में शामिल लोगों को कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा।

इस दौरान मंत्री और विधायक के साथ श्रीभूमि जिले के पूर्व भाजपा अध्यक्ष सुब्रत भट्टाचार्य, वर्तमान अध्यक्ष संजीव बनिक, श्रीभूमि नगरपालिका के अध्यक्ष रवींद्र देव, पुलिस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Comment