सेलिम शेख, धुबरी, 25 अक्टूबर: असम के धुबरी शहर स्थित श्रीमंत कॉम्प्लेक्स में एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
युवक का शव श्रीमंत कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर बरामद हुआ। मृतक की पहचान अनुज राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग का रहने वाला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक धुबरी में दार्जिलिंग मोमो की दुकान पर काम करता था।
जानकारी के मुताबिक, रात में वह अपने एक सहकर्मी को बाहर से कमरे का दरवाजा बंद करके कहीं चला गया था। लेकिन अगले दिन सुबह उसी इमारत की पहली मंजिल पर रहस्यमय परिस्थितियों में उसका शव बरामद हुआ।
सुबह प्रत्यक्षदर्शियों ने इमारत की छत पर शव देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को बरामद कर मामले की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस रहस्यमय मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।