आशुतोष राय ने किया विमोचन, साहित्य और समकालीन सामाजिक विषयों पर केंद्रित है पुस्तक
शिलचर, 25 अक्टूबर। मध्य मालूग्राम पूजा समिति के दुर्गापूजा परिसर में आज साहित्यकार अशोक बर्मा की पुस्तक ‘पंच पंक्ति’ का विमोचन आशुतोष राय ने किया। इस अवसर पर डॉ. जयदीप राय, साजल दत्ता, संजय भट्टाचार्य, कमल डे, प्रणब (मलय) दत्ता, ध्रुव साहा, सुप्रिया कर सहित पूजा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
पुस्तक की भूमिका ‘मेरी बात’ में लेखक अशोक बर्मा ने बताया है कि उनकी मूल लेखन-इच्छा लिमरिक शैली में कविताएँ लिखने की थी। हालांकि सभी रचनाएँ लिमरिक के निर्धारित स्वरूप में नहीं हैं, इसलिए उन्होंने संग्रह का नाम ‘पंच पंक्ति’ रखा। पुस्तक में समकालीन सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक परिस्थितियों से उत्पन्न समस्याओं तथा उनके प्रति लेखक की संवेदनाओं और प्रतिक्रियाओं को अभिव्यक्ति देने का प्रयास किया गया है।
लेखक ने अपनी भूमिका में समाज में व्याप्त संकीर्णता, स्वार्थपरता और असंवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए उन लोगों के साहस और संघर्ष को रेखांकित किया है, जो अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाते हैं और इसके लिए बड़ी कीमत भी चुकाते हैं।
पुस्तक को डॉ. जयदीप राय को सस्नेह समर्पित किया गया है। लेखक ने उनके साहित्य के प्रति गहरे अनुराग और परिवार के साथ अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यप्रेमियों एवं पूजा समिति के सदस्यों ने पुस्तक के विमोचन पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर साहित्य के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने के महत्व पर भी चर्चा हुई।