मुख्यमंत्री ग्रीन फेलोशिप कार्यक्रम से जुड़े युवा पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए करेंगे काम
गुवाहाटी, 24 अक्टूबर। असम में पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री ग्रीन टास्क फोर्स की शुरुआत की है। राज्य के पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्लबरुआ ने शनिवार को गुवाहाटी स्थित एनआरएल सेंटर में इसका शुभारंभ किया। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री ग्रीन फेलोशिप कार्यक्रम से जुड़े युवाओं के ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का उपयोग राज्य की पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने वर्ष 2024 में इस फेलोशिप कार्यक्रम की परिकल्पना की थी। इसका उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करना तथा विदेशों में इंटर्नशिप और शोध के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मल्लबरुआ ने बताया कि पिछले दो वर्षों में असम के विभिन्न कॉलेजों के 82 विद्यार्थियों को इस फेलोशिप का लाभ मिला है। इनमें से 65 फेलो शनिवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने यूरोप और एशिया के नौ देशों में इंटर्नशिप के दौरान प्राप्त अनुभवों और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जानकारियों को साझा किया।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में अपनाई जा रही वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं पर चर्चा हुई। साथ ही, विदेशों से प्राप्त अनुभवों को असम की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप लागू करने पर जोर दिया गया।
मंत्री ने कहा कि ग्रीन टास्क फोर्स युवाओं की विशेषज्ञता और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार विभिन्न विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए विदेशों में इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।