मादुरग्राम में 22 फुट ऊंची ‘नुपी लान’ की पूर्णाकृति प्रतिमा की स्थापना का शिलान्यास, 12 दिसंबर को अनावरण का लक्ष्य

मणिपुरी महिलाओं के ऐतिहासिक संघर्ष और बलिदान की स्मृतियों को संजोने की पहल, विधायक राजदीप ग्वाला ने एक लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की

विशेष प्रतिनिधि, शिलचर।

मणिपुर की साहसी महिलाओं के ऐतिहासिक संघर्ष, बलिदान और प्रतिरोध की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से बराक घाटी में पहली बार 22 फुट ऊंची ‘नुपी लान’ की पूर्णाकृति प्रतिमा स्थापित करने की पहल की गई है। गुरुवार दोपहर 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर शिलचर-हाफलोंग मार्ग के किनारे मादुरग्राम में प्रतिमा स्थापना के निर्धारित स्थल पर उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला ने शिलान्यास किया। ऑल असम मणिपुरी मैरा पाइबी अपुनबा लूप और ऑल असम मणिपुरी स्टूडेंट्स यूनियन के संयुक्त प्रयास से इस ऐतिहासिक परियोजना को शुरू किया गया है। प्रतिमा का अनावरण आगामी 12 दिसंबर तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर ऑल असम मणिपुरी मैरा पाइबी अपुनबा लूप और ऑल असम मणिपुरी स्टूडेंट्स यूनियन के कार्यालय में ‘नुपी लान’ पूर्णाकृति प्रतिमा स्थापना समिति की ओर से एक सभा आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राजदीप ग्वाला उपस्थित रहे। अन्य विशिष्ट अतिथियों में रंगिरखाड़ी-मालुग्राम मंडल के अध्यक्ष पुलक देव, ऑल असम मणिपुरी मैरा पाइबी अपुनबा लूप की अध्यक्ष बेनी मिश्रा, मणिपुरी भाषा सलाहकार बोर्ड एवं साहित्य अकादमी के सदस्य डॉ. के. एन. चांद, राज्य सरकार के सेवानिवृत्त अतिरिक्त सचिव नंदबाबू सिंह, सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त सचिव आर. के. गोपाल सना, ऑल असम मणिपुरी स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष सुभजीत सिंह तथा प्रतिमा स्थापना समिति के संयोजक श्यामकुमार सिंह शामिल थे।

कार्यक्रम की शुरुआत में ऑल असम मणिपुरी मैरा पाइबी अपुनबा लूप की कछार जिला समिति के सदस्यों ने अतिथियों को पारंपरिक चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद विजया सिन्हा ने मणिपुरी भाषा में स्वागत भाषण दिया।

इस दौरान विधायक राजदीप ग्वाला ने प्रतिमा निर्माण के लिए एक लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भविष्य में ऑल असम मणिपुरी मैरा पाइबी अपुनबा लूप के लिए एक सभागार के निर्माण में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में ‘नुपी लान’ पूर्णाकृति प्रतिमा स्थापना समिति की अध्यक्ष प्रभावती शर्मा के अलावा अमला सिन्हा, नंदिता सिन्हा, इबे तम्‍बी सिंह, ज्योतिमाला सिंह, सत्यजीत सिंह, रणबीर सिंह, सुरेन सिन्हा सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

बराक घाटी में मणिपुरी महिलाओं के ऐतिहासिक संघर्ष की स्मृतियों को संरक्षित करने की इस पहल को सफल बनाने के लिए प्रतिमा स्थापना समिति ने समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की है। आयोजकों ने आशा व्यक्त की कि आगामी 12 दिसंबर को प्रतिमा का अनावरण होने के बाद यह क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत में एक महत्वपूर्ण योगदान साबित होगी।

कार्यक्रम का संचालन मनितन सिंह ने किया।

Leave a Comment