तिनसुकिया में कृषि विभाग की पहल पर महिला किसान दिवस मनाया गया

तिनसुकिया: तिनसुकिया जिला कृषि विभाग और कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को तिनसुकिया जिला कृषि विभाग कार्यालय के सभाकक्ष में महिला किसान दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और महिला किसानों को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का संचालन खंड प्रौद्योगिकी प्रबंधक नयन सोनवाल ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता जिला कृषि अधिकारी रजित दत्ता ने की। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) की विषय विशेषज्ञ डॉ. शारदी बरुआ संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और किसान रुचि समूहों (एफआईजी) के गठन के महत्व एवं आवश्यकता पर चर्चा की गई। इसके साथ ही वैज्ञानिक तरीके से मशरूम की खेती करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को रबी फसलों में कीटों एवं रोगों के नियंत्रण, मधुमक्खी पालन तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और पहलों के बारे में भी जानकारी दी गई। इनमें किसान पंजीकरण, फसल बीमा योजना और उर्वरकों की बिक्री की व्यवस्थित प्रक्रिया जैसे विषय शामिल थे।

कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों की पाँच प्रगतिशील महिला किसानों को कृषि के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए गमछा और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कृषि विभाग के सहायक निदेशक बिनय डेका और पंकज कुमार गोगोई, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डॉ. रुबुल गोगोई, आत्मा की उप परियोजना निदेशक डॉली संदिकै तथा कृषि विभाग और आत्मा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment