ग्रुप केंद्र शिलचर के 23वें स्थापना दिवस पर मेले का आयोजन

खाद्य पदार्थों के स्टॉल, खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक

शिलचर, 10 अक्टूबर। ग्रुप केंद्र शिलचर के 23वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को ग्रुप केंद्र परिसर में भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विक्रम सिंह, उप महानिरीक्षक, सीआईएटी शिलचर ने किया। इस अवसर पर श्री उदय प्रताप सिंह, उप महानिरीक्षक, श्रीमती सीमा सिंह, क्षेत्रीय कावा अध्यक्षा, शिलचर, श्री संजीव चौधरी, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) सहित ग्रुप केंद्र शिलचर एवं अन्य कार्यालयों के अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि ग्रुप केंद्र शिलचर का 23वां स्थापना दिवस 1 अक्टूबर 2026 को मनाया गया था। इसके उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर को मेले का आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। बाद में शनिवार, 10 अक्टूबर को मेले का आयोजन किया गया।

मेले में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जिनका अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने आनंद लिया। इसके अलावा, मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलों और आकर्षक गतिविधियों की व्यवस्था की गई, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, एकता और सामुदायिक भावना को मजबूत करना था। मेले ने सभी को आपसी मेलजोल बढ़ाने और मनोरंजन का अवसर प्रदान किया।

उत्साह और उल्लास से भरे वातावरण में संपन्न इस आयोजन ने ग्रुप केंद्र शिलचर के स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

Leave a Comment