राम रथ के सारथी उत्तम रविदास नहीं रहे, केकड़ागोल में शोक की लहर

मनोज मोहंती, निबिया बाजार, 08 अक्टूबर।

कभी राम रथ की कमान संभालकर बराक घाटी से लेकर असम के विभिन्न हिस्सों तक संगठन का संदेश पहुंचाने वाले भाजपा के पुराने जमीनी कार्यकर्ता उत्तम रविदास अब नहीं रहे। मंगलवार को सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वह 48 वर्ष के थे। किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित उत्तम पिछले कुछ समय से अस्पताल में उपचाराधीन थे।

उनके निधन की खबर मिलते ही रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के केकड़ागोल चाय बागान सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।

उत्तम रविदास वर्ष 2001 से कई वर्षों तक संघ परिवार द्वारा संचालित ‘एकल विद्यालय’ योजना के राम रथ के सारथी के रूप में जुड़े रहे। राम रथ के साथ उन्होंने बराक घाटी के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा असम के कई इलाकों का भ्रमण किया और संगठन के कार्यक्रमों तथा विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। इसी दौरान संघ परिवार के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों से उनका संपर्क बना।

बाद में उन्होंने अपने क्षेत्र में भाजपा की बूथ कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। उस समय क्षेत्र में भाजपा का संगठन आज की तरह मजबूत नहीं था। ऐसे दौर में विपरीत परिस्थितियों के बीच कार्यकर्ताओं को जोड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में उत्तम रविदास जैसे कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।

बुधवार को केकड़ागोल चाय बागान स्थित उनके आवास पर भाजपा के दुल्लभछड़ा मंडल अध्यक्ष चंदन भर, उपाध्यक्ष हेनय नाथ, शक्ति केंद्र प्रमुख घनश्याम कैरी, बूथ अध्यक्ष रंजीत रविदास, चंदन गोयाला सहित पार्टी के विभिन्न स्तर के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा अर्पित कर पुष्पांजलि दी गई।

उत्तम रविदास अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। चारों बच्चे नाबालिग हैं। उनके निधन के बाद परिवार के सामने बच्चों की पढ़ाई, परवरिश और भविष्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने संगठन और समाज से इस कठिन समय में परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए दीर्घकालीन सहायता की व्यवस्था की मांग भी उठ रही है।

बुधवार दोपहर केकड़ागोल चाय बागान के श्मशान घाट में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

उनके निधन पर रामकृष्णनगर के विधायक विजय मालाकार, चेरागी जिला परिषद सदस्य पंकज राय शर्मा, कांग्रेस नेता केशव प्रसाद रजक, ‘एकल विद्यालय’ योजना के तत्कालीन बराक प्रभारी दिलीप कुमार सहित भाजपा और संघ परिवार के विभिन्न स्तर के नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

कभी राम रथ के सारथी के रूप में दूर-दराज के इलाकों तक संगठन का संदेश पहुंचाने वाले उत्तम रविदास के असमय निधन से केकड़ागोल में शोक की गहरी छाया है। उनके पीछे रह गए चार नाबालिग बच्चों का भविष्य अब परिवार और शुभचिंतकों के लिए सबसे बड़ी चिंता बन गया है।

Leave a Comment