हाइलाकांदी में चोरी हुआ १८८ बोरी पीडीएस चावल बरामद दो गिरफ्तार

लापता ट्रक बरामद लेकिन नहीं मिला चावल, गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग अलग क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई

प्रीतम दास हाइलाकांदी, ७ अक्टूबर: हाइलाकांदी पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। कछार जिले के शालचापड़ा से लापता हुए ३४० बोरी पीडीएस चावल में से पुलिस ने १८० बोरी चावल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाइलाकांदी के कंचनपुर प्रथम खंड निवासी साबिर अहमद लस्कर और कंचनपुर तृतीय खंड निवासी सैदुर रहमान लस्कर के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कछार जिले के शालचापड़ा से ३४० बोरी पीडीएस चावल लेकर एक ट्रक रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में ट्रक लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कछार पुलिस ने हाइलाकांदी पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद हाइलाकांदी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले लापता ट्रक का पता लगा लिया। हालांकि, ट्रक के अंदर चावल की एक भी बोरी नहीं मिली। इसके बाद चोरी हुए चावल की बरामदगी के लिए पुलिस ने जांच और तेज कर दी।पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर हाइलाकांदी के दो अलग अलग क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान चोरी हुआ १८८ बोरी पीडीएस चावल बरामद किया गया।घटना में संलिप्त होने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद चावल को कहां से और कहां ले जाया गया था तथा इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं इसकी जांच पुलिस कर रही है।यह अभियान हाइलाकांदी सदर थाने के प्रभारी अधिकारी पॉल के नेतृत्व में चलाया गया। बड़ी मात्रा में चोरी हुआ पीडीएस चावल बरामद करने की इस कार्रवाई को हाइलाकांदी पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment