32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य समापन

21 जवाहर नवोदय विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत कीं नवाचारी परियोजनाएं

श्रीभूमि, 6 अक्टूबर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि में मंगलवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय समिति, शिलांग संभाग के सिलचर क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 21 जवाहर नवोदय विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिभागियों ने अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण, खाद्य एवं कृषि, स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली जैसे विषयों पर आधारित वैज्ञानिक परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। विशेषज्ञ निर्णायक मंडल ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवीनता, प्रयोगात्मकता, प्रस्तुतीकरण, उपयोगिता और सामाजिक प्रासंगिकता के आधार पर परियोजनाओं का मूल्यांकन किया।

विभिन्न श्रेणियों में सेनापति-I की खुशी छेत्री, खोवाई के बिप्लब दास, श्रीभूमि की तौहिदा फिरदौसी, सेपाहिजाला के प्रियांशु पाल तथा सेनापति-I की मायज़िया ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दिमा हसाओ की दिया डे, गोमती के चयन बैद्य, दक्षिण त्रिपुरा की आश्रिता देबनाथ, सेरछिप की लालरिन्हलुई तथा श्रीभूमि के के. महाधी हसन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए।

मुख्य अतिथि विक्रम सिंह, प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय, हैलाकांडी ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा विज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्राचार्य योगेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता और नवीन विचारों को प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में एम. सुरजीत मेइती (PGT Biology) ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि ओसमान गोनी चौधरी (PGT English) ने संचालन किया। अनवर हुसैन बरभुइया (PGT Physics) ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह का समापन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान की भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment