दुर्गा पूजा स्थल को लेकर विवाद, ग्रामीणों में आक्रोश

अनिल मिश्र / रांची। पलामू जिले के बिश्रामपुर नगर परिषद के वार्ड-12 स्थित झगरुआ गांव में दुर्गा पूजा स्थल को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर करीब 50 वर्षों से पूजा के लिए उपयोग हो रहे सार्वजनिक स्थल को निजी बताकर कब्जे की कोशिश और पूजा में व्यवधान डालने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों के अनुसार, 30 सितंबर को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पूजा स्थल बदलने का निर्देश दिया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है। ग्रामीणों ने वार्ड पार्षद के पति वीरेंद्र राम समेत कुछ लोगों पर भय का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन और नगर परिषद अध्यक्ष को आवेदन दिया है।

ग्रामीणों ने चार-पांच दिनों में मामले का समाधान कर शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा कराने की मांग की है। आवेदनकर्ताओं में सुनील कुमार, संतोष राम और अविनाश कुमार राम समेत कई ग्रामीण शामिल हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष गीता देवी ने कहा कि दुर्गा पूजा में किसी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।

Leave a Comment