सेवा संकल्प अभियान के तहत डिब्रूगढ़ में ४ स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर

डिब्रूगढ़: सेवा संकल्प अभियान के तहत डिब्रूगढ़ जिले में सोमवार को ब्लॉक एवं नगरपालिका स्तर पर स्वास्थ्य और कल्याण शिविरों की शुरुआत हुई। अभियान का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य एवं कल्याण सेवाओं को आम जनता के घर-द्वार तक पहुंचाना है।

नाहरकटिया ब्लॉक विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित ब्लॉक स्तरीय शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक तरंग गोगोई ने किया। इस अवसर पर डिब्रूगढ़ के जिलायुक्त बिक्रम कैरी, प्रभारी संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. सौमेंद्र कुमार भागवती, अनुमंडल स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. विद्यावती फूकन सहित स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और नाहरनी ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

नाहरकटिया में आयोजित शिविर में ३०० से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अलावा नाहरकटिया नगरपालिका कार्यालय, नामरूप नगरपालिका कार्यालय और चाबुआ नगरपालिका के बहुउद्देशीय सामुदायिक सभागार में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।

शिविरों में मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र, स्त्री रोग, दंत, हड्डी रोग, मानसिक स्वास्थ्य और शल्य चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ एमबीबीएस एवं आयुष चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श दिया। मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों की मुफ्त जांच, दवा वितरण, आयुष्मान भारत कार्ड, आभा आईडी, जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा दिव्यांग प्रमाणपत्र जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, एचआईवी, स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के तहत ६ अक्टूबर को बरबरुआ, ८ अक्टूबर को राजगढ़, खोवांग और लाहोवाल, ९ अक्टूबर को चाबुआ के बेतमाला, १० अक्टूबर को दुलियाजान बिहूतली तथा १२ अक्टूबर को डिब्रूगढ़ नगर निगम के बहुउद्देशीय भवन में स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से इन शिविरों में पहुंचकर मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध ऑनलाइन सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Comment