अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष पर अगरतला में भव्य कार्यक्रम

विश्व हिंदू परिषद त्रिपुरा प्रांत के आयोजन में राज्यपाल सहित संतों एवं गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

अगरतला, 2 अक्टूबर। श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद, त्रिपुरा प्रांत की ओर से शुक्रवार शाम अगरतला टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाम 5 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि त्रिपुरा के महामहिम राज्यपाल श्री इंद्रसेना रेड्डी नल्लू रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष श्री राम पद जमतिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह संगठन महामंत्री श्री विनायक राव देशपांडे रहे।

इस अवसर पर विभिन्न संप्रदायों के संतगण के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संगठन मंत्री डॉ. दिनेश तिवारी, त्रिपुरा प्रांत के प्रांत प्रचारक श्री निखिल निवास्कर, अगरतला के महापौर श्री दीपक मजूमदार तथा त्रिपुरा सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्री सुधांशु दास सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के जीवन, उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान तथा हिंदू समाज के संगठन और सांस्कृतिक जागरण के लिए उनके कार्यों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि अशोक सिंघल जी का जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, संगठन शक्ति तथा सांस्कृतिक चेतना की प्रेरणा देता है। उनकी जन्म शताब्दी वर्ष की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम उनके विचारों और कार्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम में लगभग 1200 नागरिकों की उपस्थिति रही। संतों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा एवं उत्साह से परिपूर्ण रहा।

विश्व हिंदू परिषद त्रिपुरा प्रांत द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर उनके जीवन एवं योगदान को स्मरण करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Comment