शिलकुड़ी में यादव महासभा की जागरूकता सभा एवं कार्यशाला आयोजित
शिलकुड़ी, 28 सितंबर। अखिल भारतीय यादव महासभा के तत्वावधान तथा असम प्रदेश यादव महासभा के आयोजन में रविवार को शिलकुड़ी स्थित बरमबाबा मंदिर सभागार में राष्ट्रीय जनगणना-2027 को लेकर एक दिवसीय जागरूकता सभा एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में अखिल भारतीय यादव महासभा के उपाध्यक्ष पीताम्बर दास यादव तथा विधायक राजदीप ग्वाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता असम प्रदेश यादव महासभा के अध्यक्ष सुबचन ग्वाला ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद निविया से आए कलाकारों ने ग्वाला-अहीर समाज के पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। समाज की पारंपरिक संस्कृति और विरासत को दर्शाते हुए लाठी खेल तथा लोकप्रिय बिरहा का भी प्रदर्शन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है और इसमें सभी नागरिकों को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने जनगणना के दौरान सरकारी अधिकारियों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्वाला समाज शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बराक घाटी में इस वर्ष नीट के माध्यम से एमबीबीएस की नौ आरक्षित सीटों में से छह सीटों पर गोयाला समाज के विद्यार्थियों का चयन हुआ है। उन्होंने इसे समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
राजदीप ग्वाला ने कहा कि समाज के विकास के साथ-साथ उसकी सभ्यता, संस्कृति और इतिहास को संरक्षित रखना भी आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से ऐसे किसी भी कार्य से दूर रहने की अपील की, जिससे समाज की छवि अथवा हितों को नुकसान पहुंचे। पारंपरिक बिरहा और लाठी खेल के आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने यादव महासभा के प्रयासों को समयानुकूल बताया।
अखिल भारतीय यादव महासभा के उपाध्यक्ष पीताम्बर दास यादव ने कहा कि ग्वाला-अहीर तथा यादव समाज के अनेक लोगों ने देशसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने जनगणना प्रपत्र में जाति संबंधी जानकारी सही रूप से दर्ज कराने के लिए समाज के लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने असम प्रदेश यादव महासभा को ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया।
सभा में पाथरकांदी के पूर्व विधायक मणिलाल ग्वाला ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक विकास और संस्कृति के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में कछार जिला यादव महासभा के अध्यक्ष किशोर कुमार यादव, हाइलाकांदी के अध्यक्ष रामनारायण ग्वाला, करीमगंज के अध्यक्ष रामचंद्र यादव, महिला अध्यक्ष मंजू ग्वाला, युवा अध्यक्ष रत्नेश्वर ग्वाला सहित कई पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अतिथियों एवं पदाधिकारियों को यादव महासभा की ओर से अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय जनगणना-2027 को लेकर आगे भी विभिन्न स्थानों पर जागरूकता सभाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी दिसंबर में चरगोला वैली में वर्ष 2027 के कैलेंडर के विमोचन का निर्णय भी लिया गया।
इस अवसर पर डॉ. बैकुंठ ग्वाला, कुमुद ग्वाला, पूर्व शिक्षा अधिकारी रंजीत ग्वाला, डॉ. संगीता यादव, जगदीश ग्वाला, निर्मल ग्वाला, जयप्रकाश ग्वाला, उदित नारायण ग्वाला, शिक्षक निर्मल ग्वाला, रामप्रसाद यादव तथा कुशप्रसाद यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी लालन प्रसाद ग्वाला ने किया।