विशेष प्रतिनिधि, लखनऊ, 27 सितंबर। भाऊराव देवरस सेवा न्यास के संस्थापक न्यासी, शिक्षाविद एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे डॉ. डीपी सिंह की स्मृति में शनिवार को निराला नगर, लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।
सभा में न्यास के सह सचिव जितेंद्र अग्रवाल ने अपने प्रस्तावित वक्तव्य में डॉ. डीपी सिंह के जीवन, शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। इसके बाद विभिन्न वक्ताओं ने डॉ. सिंह के साथ अपने व्यक्तिगत संपर्क, निकटता और उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व से जुड़े संस्मरण साझा किए।
सभा को संबोधित करने वालों में ब्रह्मदेव शर्मा ‘भाई जी’, विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतिंद्र जी, प्रोफेसर शीला मिश्रा, सेवानिवृत्त अध्यापक डॉ. अंबिका प्रसाद तिवारी, महामना शिक्षण संस्थान के सचिव रंजीव तिवारी तथा गायत्री परिवार से जुड़े वरिष्ठ शिक्षाविद् राम महेश मिश्रा प्रमुख रहे।
इस अवसर पर भाऊराव देवरस सेवा न्यास के ओएसडी सत्य प्रकाश मिश्रा, महामना शिक्षण संस्थान के अभिभावक नरेंद्र कुमार मिश्रा, समर्थ भारत के प्रमुख दिलीप कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभा के अंत में शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।