–फाइनल में ग्रुप केंद्र शिलचर को 3-1 गोल से हराया
दयापुर, शिलचर:केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप केंद्र शिलचर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतर ग्रुप केंद्र एवं बटालियन फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में 67वीं बटालियन ने ग्रुप केंद्र शिलचर को 3-1 गोल से पराजित कर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।
टूर्नामेंट में ग्रुप केंद्र शिलचर एवं गुवाहाटी के अलावा 10वीं, 48वीं, 67वीं, 120वीं, 128वीं, 129वीं, 136वीं, 147वीं, 156वीं और 175वीं बटालियन की कुल 12 टीमों ने भाग लिया।
ग्रुप केंद्र शिलचर के परेड ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में ग्रुप केंद्र शिलचर ने 156वीं बटालियन को 1-0 से, जबकि 67वीं बटालियन ने 136वीं बटालियन को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में 67वीं बटालियन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप केंद्र शिलचर को 3-1 से मात दी।
समापन समारोह में शिलचर रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री विष्णु गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में श्री गौतम ने खिलाड़ियों के खेल कौशल और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि फुटबॉल केवल खेल नहीं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने का माध्यम है। ये गुण बल के जवानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 67वीं बटालियन के सिपाही/जीडी नंगसुंगमा ने सर्वाधिक 6 गोल कर व्यक्तिगत स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन को भी विशेष रूप से सराहा गया।
समापन समारोह में सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों एवं खेलप्रेमियों की उपस्थिति रही। टूर्नामेंट ने प्रतिभागी जवानों में खेल भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।