सीआरपीएफ अंतर बटालियन एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन

–129 बटालियन ने हासिल किया प्रथम स्थान, 67वीं और 128वीं बटालियन क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर

दयापुर, शिलचर,। पूर्वोत्तर क्षेत्र के केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की अंतर बटालियन (परिचालन)/ग्रुप केंद्र एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ, शिलचर के तत्वावधान में भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर क्षेत्र की विभिन्न बटालियनों तथा ग्रुप केंद्र गुवाहाटी और शिलचर की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में 10वीं, 48वीं, 67वीं, 120वीं, 128वीं, 129वीं, 147वीं, 152वीं, 156वीं और 175वीं बटालियन के अलावा ग्रुप केंद्र गुवाहाटी एवं ग्रुप केंद्र शिलचर के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 और 10,000 मीटर दौड़, 4×100 मीटर तथा 4×400 मीटर रिले, लॉन्ग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, शॉट पुट, हैमर थ्रो और जेवलिन थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। उमस और गर्मी के बावजूद खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में अर्जित अंकों के आधार पर 129वीं बटालियन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 67वीं बटालियन दूसरे और 128वीं बटालियन तीसरे स्थान पर रही।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि उदय प्रताप सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ, शिलचर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ जवानों के लिए खेलकूद केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त और मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने का महत्वपूर्ण साधन है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को अपने कर्तव्य जीवन में भी बनाए रखने का आह्वान किया। समारोह के दौरान विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

दो दिनों तक चले इस आयोजन ने सीआरपीएफ जवानों के बीच खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का प्रभावी प्रदर्शन किया।

Leave a Comment