शिलचर, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को काछार जिले के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री का जन्म 17 सितंबर 1950 को हुआ था।
शाम को शिलचर के रंगीरखाड़ी स्थित नेताजी की प्रतिमा के पास न्यू शिलचर मंडल भाजपा की ओर से दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 300 पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम में काछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ राय तथा न्यू शिलचर मंडल अध्यक्ष दुलाल दास सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
रूपम साहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के लिए सामूहिक सहभागिता के महत्व पर भी जोर दिया।
इसके बाद शिलचर के पार्क रोड स्थित गांधी भवन के सामने भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री ने भी अपने जन्मदिन पर लोगों से मिले स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया है।