मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान 1.0 एवं 2.0 के लाभार्थियों को विधायक विजय ने वितरित की आर्थिक सहायता

महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विधायक विजय मालाकार

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 17 सितंबर। मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान 1.0 एवं 2.0 के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के राज्यव्यापी कार्यक्रम का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने गुवाहाटी के वेटरनरी मैदान से सुबह 11 बजे वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद राज्य के विभिन्न जिलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में लाभार्थियों के बीच आर्थिक सहायता वितरित की गई।

इसी क्रम में श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र में रामकृष्णनगर कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक विजय मालाकार ने मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान 1.0 एवं 2.0 के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की।

अभियान 1.0 के लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में एक लाख रुपये, जबकि अभियान 2.0 के लाभार्थियों को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के कुल 754 लाभार्थियों को सहायता दी गई। विधायक विजय मालाकार ने प्रथम लाभार्थी मिशन आचार्य को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

कार्यक्रम में श्रीभूमि जिले के जिला आयुक्त नीलोৎपल पाठक, कृषि विभाग के डेवलपमेंट ऑफिसर सलमान अहमद, मत्स्य विभाग के गणेश चंद्र तालुकदार, पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सक मनोज चक्रवर्ती, रामकृष्णनगर मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रीतम पाल, रामकृष्णनगर नगरपालिका की अध्यक्ष प्रतिमा नाथ, श्रीभूमि जिला भाजपा के उपाध्यक्ष विश्वतोष सेन, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर

स्वागत भाषण में जिला आयुक्त नीलोत्पल पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान आम लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं, युवतियों और महिलाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान की शुरुआत 8 सितंबर 2023 को की गई थी। योजना के माध्यम से रामकृष्णनगर क्षेत्र के अनेक लाभार्थी विभिन्न व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बने हैं। विशेष रूप से मत्स्य पालन, पशुपालन तथा छोटे-छोटे फार्म स्थापित करने के क्षेत्र में लोगों ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इसके अलावा कंप्यूटर सेवा जैसे व्यवसायों के माध्यम से भी कई युवा स्वरोजगार प्राप्त कर रहे हैं।

सहायता राशि का सदुपयोग करने की अपील

विधायक विजय मालाकार ने लाभार्थियों से सरकारी सहायता राशि का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने लाभार्थी अरूप दास का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्होंने सरकारी सहायता का उपयोग अपने फार्म को विकसित करने में किया और सफलता प्राप्त की, उसी तरह अन्य लाभार्थी भी मेहनत और लगन से कार्य करें।

विधायक ने कहा कि लाभार्थी अपने कार्य को आगे बढ़ाते रहें और भविष्य में अधिक आर्थिक सहायता प्राप्त करने के योग्य बनें। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के लाभार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

दूध उत्पादन बढ़ा, विपणन व्यवस्था की जरूरत

विधायक ने क्षेत्र में दूध उत्पादन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रामकृष्णनगर में दूध का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में हो रहा है, लेकिन उचित विपणन एवं आपूर्ति व्यवस्था के अभाव में पशुपालकों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि रामकृष्णनगर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के शुरू होने के बाद यहां बाहर से बड़ी संख्या में डॉक्टर, कर्मचारी एवं अन्य लोग आएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर दूध समेत अन्य कृषि एवं पशुपालन उत्पादों की मांग बढ़ने की संभावना है।

उन्होंने यह भी बताया कि शिलचर मेडिकल कॉलेज से कनाईबाजार तक चार लेन की सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्तावित सड़क बनने के बाद शिलचर मेडिकल कॉलेज और रामकृष्णनगर के बीच आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम

विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार शाम रामकृष्णनगर मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित मिनी स्टेडियम में 3,000 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

उन्होंने रामकृष्णनगर कॉलेज के भविष्य में विश्वविद्यालय के रूप में विकसित होने की संभावना का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment