बृहत्तर दिसपुर गोर्खा महिला समिति द्वारा तीज महोत्सव एवं गणपति बाबा जन्मोत्सव संपन्न

दिसपुर, गुवाहाटी। बृहत्तर दिसपुर गोर्खा महिला समिति के तत्वावधान में हरितालिका तीज व्रत उद्यापन एवं तीज महोत्सव के साथ श्री गणपति बाबा जन्मोत्सव श्री श्री जानकी वल्लभ मंदिर, दिसपुर में श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ।

 गोर्खा की मौलिक धार्मिक आस्था, संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक एकता के संरक्षण तथा संवर्धन के उद्देश्य से महिला समिति द्वारा विगत 19 वर्षों से निरंतर तीज महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रम में व्रती महिलाओं ने विधिवत भगवान शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, सौभाग्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना की।

इसी पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना एवं गणपति बाबा जन्मोत्सव भी श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक महिला श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

कार्यक्रम में बृहत्तर दिसपुर गोरखा महिला समिति की अध्यक्ष आदरणीय श्रीमती राधा उपाध्याय जी, सचिव आदरणीय श्रीमती प्रियंका देवी जी तथा महिला सदस्यों सुजाता काफ्ले जी, माया दाहाल जी, शीला दाहाल जी, पुनम काफ्ले जी, लक्ष्मी देवी जी एवं मीरा देवी जी सहित अनेक महिला सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पल्टन बाजार, चांदमारी, उलुबारी, वशिष्ठ, लालमाटी, हेगराबारी, लालगणेश सहित गुवाहाटी के विभिन्न क्षेत्रों से आईं महिला श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना एवं तीज व्रत उद्यापन में सहभागिता की।

कार्यक्रम में उपस्थित पूजनीय गुरुजन, विद्वान आचार्य एवं पंडित गुरुजनों द्वारा वैदिक विधि-विधान एवं आवश्यक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस अवसर पर समस्त व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए गुरुजनों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, धार्मिक आस्था एवं सामुदायिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया।

इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक कर्मकांड पूजा पाठ यज्ञ प्रतिष्ठान केंद्र की ओर से आवश्यक वैदिक कर्मकांड एवं धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं। अनुष्ठान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केंद्र के पूजनीय गुरुजी आचार्य गोपाल काफ्ले जी के प्रति बृहत्तर दिसपुर गोर्खा समिति की ओर से हार्दिक साधुवाद, कृतज्ञता एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इसी क्रम में पूजनीय पंडित गुरुजी एवं आचार्यजनों ने तीज महोत्सव एवं गणपति बाबा जन्मोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए बृहत्तर दिसपुर गोर्खा महिला समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हार्दिक साधुवाद एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने विगत 19 वर्षों से गोरखा समुदाय की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता के लिए समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने की शुभकामना व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान महिला समिति के पदाधिकारियों ने आगामी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सभी महिला सदस्यों एवं समुदाय के लोगों से सक्रिय रूप से सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही, समिति की ओर से भविष्य में भी आवश्यक सहयोग, सहकार्य एवं सेवा निरंतर प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले पूजनीय गुरुजन, आचार्य, पंडितगण, मंदिर प्रबंधन समिति, महिला समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा सभी सहयोगी महानुभावों के प्रति आयोजक समिति ने हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी व्रती महिलाओं, श्रद्धालु भक्तजनों एवं अतिथियों को प्रसाद वितरण किया गया।

Leave a Comment