शिलचर महिला कॉलेज में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत के लिए युवा’ विषय पर चर्चा

शिलचर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत (माई भारत)’ के तत्वावधान में सोमवार को शिलचर महिला कॉलेज में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत के लिए युवा’ विषय पर एक जागरूकता एवं चर्चा सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की करीब दो सौ छात्राओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंचप्रदीप प्रज्ज्वलित कर शिलचर महिला कॉलेज के प्राचार्य सुजीत तेवारी, माई भारत के यूथ आइकन आदित्य देव तथा ‘मेरा युवा भारत’ के कछार जिला युवा अधिकारी किशन खीची सहित अन्य अतिथियों ने किया।

स्वागत भाषण में कछार जिला युवा अधिकारी किशन खीची ने युवाओं पर मादक पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को नशे की गिरफ्त से दूर रहने तथा अपने साथियों एवं समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

शिलचर महिला कॉलेज के प्राचार्य सुजीत तेवारी ने कहा कि छात्र समाज पर मादक पदार्थों का प्रभाव अत्यंत गंभीर और दूरगामी है। नशे की लत युवाओं के व्यक्तिगत जीवन, शिक्षा और भविष्य को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की आसान उपलब्धता युवाओं को तेजी से नशे की ओर धकेल रही है।

उन्होंने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और स्वस्थ एवं सशक्त युवाशक्ति के बिना स्वस्थ तथा विकसित राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ समाज को भी जागरूक करना होगा।

माई भारत के यूथ आइकन आदित्य देव ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के आत्मविश्वास और आत्मसम्मान को कमजोर कर देती है तथा धीरे-धीरे व्यक्ति अपने जीवन पर नियंत्रण खोने लगता है। इसके दुष्प्रभाव से केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसका परिवार और पूरा समाज भी प्रभावित होता है।

उन्होंने कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिणाम नहीं ला सकता। यह एक गंभीर सामाजिक अभिशाप है, जो अपराध और सामाजिक असुरक्षा को बढ़ावा देता है। उन्होंने नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एपीएस रहीम उद्दीन लस्कर, माई भारत की कार्यालय सहायक रूमी लस्कर तथा स्वयंसेवक पराग भट्टाचार्य, जयदीप अधिकारी, मामनी राय, प्रिया सूत्रधर, सौरभ बर्धन, स्वरूप चौधरी, मनीषा दास गुप्ता, गीतिका दास, अभिषेक तेवारी और अभिजीत देव सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने ‘नशामुक्त भारत’ के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।

Leave a Comment