राजस्थान में भाजपा उम्मीदवार को मिला सिर्फ एक वोट

जयपुर: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव के नतीजों में डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड संख्या 13 का परिणाम चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी कैलाशचंद को महज एक वोट मिला। खास बात यह है कि उनका अपना वोट भी इस वार्ड में नहीं था।

राज्य निर्वाचन आयोग के उपलब्ध परिणामों के अनुसार, वार्ड संख्या 13 में कांग्रेस प्रत्याशी हीना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय प्रत्याशी राशिद खान को 195 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी कैलाशचंद के खाते में सिर्फ एक वोट आया।

दूसरे वार्ड के मतदाता हैं कैलाशचंद

महज एक वोट मिलने पर कैलाशचंद ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि वह स्वयं वार्ड संख्या 12 के मतदाता हैं। भाजपा ने उन्हें पड़ोसी वार्ड संख्या 13 से चुनाव मैदान में उतारा था। इसलिए वह अपने पक्ष में स्वयं मतदान नहीं कर सके।

कैलाशचंद के अनुसार, उन्हें मिला एक वोट वार्ड संख्या 13 के ही किसी मतदाता ने दिया है। उन्होंने कहा कि उनका अपना वोट वार्ड संख्या 12 में है और पार्टी ने उन्हें वार्ड संख्या 13 से उम्मीदवार बनाया था।

परबतसर में कांग्रेस को बहुमत

परबतसर नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 13 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा को 12 वार्डों में जीत मिली।

राजस्थान के 309 शहरी निकायों के चुनाव परिणामों के बीच कैलाशचंद का एक वोट वाला परिणाम विशेष रूप से चर्चा में रहा। स्थानीय निकाय चुनावों में उम्मीदवार का अपने ही वार्ड में मतदाता नहीं होना संभव है, लेकिन किसी प्रमुख राजनीतिक दल के प्रत्याशी का केवल एक वोट हासिल करना असामान्य परिणाम माना जा रहा है।

Leave a Comment