हिंदी दिवस पर रेलवे उच्च माध्यमिक विद्यालय में दिनभर चला समारोह

[हिंदी के प्रचार-प्रसार और भाषाई एकता का दिया संदेश]

डिब्रूगढ़: “तमसो मा ज्योतिर्गमय” की भावना को आत्मसात करते हुए रविवार को डिब्रूगढ़ के रेलवे उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति, डिब्रूगढ़ जिला के तत्वावधान में हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। दिनभर चले इस कार्यक्रम में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, इसके प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न भाषाई समुदायों के बीच संवाद के माध्यम के रूप में हिंदी की भूमिका पर जोर दिया गया।

समारोह का संचालन राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति, डिब्रूगढ़ जिला के अध्यक्ष राम अयोध्या शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट समाजसेवी जितेंद्र श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने समारोह की अध्यक्षता भी की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीए शैलेन्द्र शर्मा, अधिवक्ता खामचेंग गोगोई, मृदुला सिंह, सत्यसंधा राउत तथा अधिवक्ता दीपमणि हजारिका उपस्थित रहे। आयोजन के उद्देश्य और कार्यक्रम की रूपरेखा राम अयोध्या शर्मा ने प्रस्तुत की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत प्रचारक स्विली दत्त शर्मा की आवाज में गणेश वंदना से हुई। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रचारकों और विद्यार्थियों ने सहयोग किया। इसके बाद हिंदी दिवस गीत प्रस्तुत किया गया।

समारोह के दौरान प्रचारकों और विद्यार्थियों ने हिंदी दिवस के संदर्भ में अपने विचार रखे तथा हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह और रंग भर दिया।

इस अवसर पर १४ सितंबर को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में १४ संदेशों का वाचन किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों को प्रतिज्ञा पत्र का पाठ कराया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष १४ सितंबर को देशभर में हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसके साथ ही हिंदी दिवस सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। डिब्रूगढ़ में आयोजित इस समारोह में भी हिंदी के प्रति सम्मान, भाषा के माध्यम से आपसी संवाद तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

Leave a Comment