विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,मेघालय में भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत पर ज़ोर देते हुए हिंदी दिवस 2026 मनाया गया

खानापारा, मेघालय | 12 सितंबर 2026:

हिंदी दिवस समारोह 2026 का आयोजन ‘शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास’ (मेघालय प्रांत) ने ‘भारतीय भाषा मंच’ के तत्वावधान में और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,मेघालय के सहयोग से किया। यह समारोह “हिंदी, भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव” विषय के साथ आयोजित किया गया, जिसमें हिंदी के महत्व के साथ-साथ भारत की समृद्ध बहुभाषी और सांस्कृतिक विरासत को उजागर किया गया। इस कार्यक्रम में जाने-माने शिक्षाविदों, शिक्षकों, संकाय सदस्यों और छात्रों ने आधुनिक शिक्षा और समाज में भारतीय भाषाओं की भूमिका पर सार्थक चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत यू.एस.टी.एम.,मेघालय के कुलपति प्रो. जी. डी. शर्मा के उद्घाटन भाषण से हुई, जिन्होंने सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने, सामाजिक एकता को मजबूत करने और शिक्षा के क्षेत्र को समृद्ध बनाने में भारतीय भाषाओं के महत्व पर जोर दिया।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU), नई दिल्ली के पूर्व सम-कुलपति प्रो. किरण हजारिका ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और एक विशेष भाषण दिया। उन्होंने आज की शिक्षा में भारतीय भाषाओं की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और शैक्षणिक क्षेत्र में भाषाई विविधता और समावेशिता को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया।

मुख्य भाषण कॉटन विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की सह-आचार्य और विभागाध्यक्ष डॉ. कुसुम कुंज मालाकार ने “हिंदी दिवस का महत्व और समकालीन शिक्षा व समाज में हिंदी की भूमिका” विषय पर अपने विचार को प्रस्तुत किया । उन्होंने शिक्षा और संचार में हिंदी की बदलती भूमिका के बारे में विस्तार से बताया और साथ ही भारत की विविध भाषाओं का सम्मान करने, उन्हें संरक्षित करने और बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पूर्वोत्तर पर्वतीय विश्वविद्यालय,शिलांग के हिंदी विभाग के सहायक आचार्य एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास,मेघालय के प्रांत संयोजक डॉ. आलोक सिंह ने “हिंदी, भारतीय भाषाएँ और शिक्षा के सांस्कृतिक आयाम” विषय पर विशेष भाषण दिया। उन्होंने भाषा, संस्कृति, ज्ञान और शिक्षा के बीच गहरे संबंध पर प्रकाश डाला, जो भारत के विविध सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश के संदर्भ में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में नेहू के पर्यावरण अध्ययन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश बाजपेयी और भूविज्ञान विभाग के सहायक आचार्य और विभागाध्यक्ष डॉ. रवि रंजन कुमार भी उपस्थित रहे।

यू.एस.टी.एम.,मेघालय की ओर से, आउटरीच और सामुदायिक विकास (OR & CD) की निदेशक डॉ. निबेदिता पॉल ने कार्यक्रम का संचालन किया और भाषा, सांस्कृतिक जागरूकता तथा समुदाय-केंद्रित शैक्षिक पहलों को बढ़ावा देने में अपना सहयोग दिया। उन्होंने धन्यवाद प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया और कार्यक्रम को सार्थक और सफल बनाने के लिए विशिष्ट अतिथियों, आयोजकों, फैकल्टी सदस्यों, छात्रों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम का संचालन यू.एस.टी.एम.,मेघालय में हिंदी दिवस की संयोजक  डॉ. पुनीता देओरी ने किया। उनके प्रयासों से ही यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक और सुचारू रूप से आयोजित हो सका।

इस आयोजन ने भारत की भाषाई विविधता को समझते हुए हिंदी की भूमिका पर विचार करने का एक अहम मंच प्रदान किया। वक्ताओं ने इस बात पर ज़ोर दिया कि हिंदी को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत की सभी भाषाओं को संरक्षित और सम्मानित भी किया जाना चाहिए, क्योंकि भाषा ज्ञान, संस्कृति, पहचान और विरासत का एक महत्वपूर्ण स्रोत होती है। इस कार्यक्रम में 200 से ज़्यादा लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिनमें शिक्षाविद, फैकल्टी सदस्य और छात्र शामिल थे।

कार्यक्रम का समापन भारतीय भाषाओं, सांस्कृतिक चेतना और मूल्यों पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के साझा संकल्प के साथ हुआ, जिससे एक ऐसा शैक्षिक माहौल बनाने में मदद मिलेगी जो समावेशी हो, संस्कृति से जुड़ा हो और जिसमें भाषाई विविधता हो।

Leave a Comment