मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत १७ सितंबर को राज्यव्यापी कार्यक्रम

शिवसागर: असम के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से असम सरकार के उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उद्यम विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान’ के तहत आगामी १७ सितंबर, २०२६ को एक वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित ज्योति विष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर में आयोजित होगा। इसके साथ ही राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भी एक ही समय पर विधानसभा क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस संबंध में शुक्रवार को शिवसागर जिला आयुक्त कार्यालय के चुकाफा सभाकक्ष में जिला आयुक्त श्री मृदुल यादव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विकास आयुक्त श्री पवित्र कुमार दास, नाजिरा एवं डिमौ के सह-जिला आयुक्त श्रीमती प्रतिभा मिश्राम एवं श्रीमती लुकुमणि बोड़ा, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के अधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, पूर्व विधायक श्री कुशल दुवरी, विधायकों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित विभाग के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को चेक तथा आवश्यक वित्तीय सहायता भी वितरित की जाएगी।

बैठक में जिला आयुक्त ने कहा कि राज्य के युवाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार की यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment