श्रीकोना में काले बैज लगाकर डीटीडीएम कार्यालय के सामने दिया धरना, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
श्रीकोना, 10 सितंबर: ‘सारा असम औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था प्रशिक्षक संघ’ के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर राज्यव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत बुधवार को शिलचर के श्रीकोना स्थित आईटीआई में भी विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने काले बैज लगाकर विरोध जताया और प्रेस विज्ञप्ति के साथ डीटीडीएम कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठे।
बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले धरने के दौरान प्रशिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इससे पहले मंगलवार को भी संघ के सदस्यों ने कार्यस्थल पर काले बैज धारण कर विरोध जताया था।
संघ की ओर से बताया गया कि राज्यव्यापी आंदोलन के तहत आगामी 14 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को भी विभिन्न विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आईटीआई उपसमिति के अध्यक्ष नुरुल इस्लाम लस्कर, सचिव संजीव कुर्मी तथा कोषाध्यक्ष सुबीर भौवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब तक उनकी जायज मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से प्रशिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।