शिलचर में स्वर्णशिल्पी ऐक्य गणेश पूजा कमेटी का चौथा गणेश चतुर्थी महोत्सव 14 सितंबर से

शिलचर, 9 सितंबर : शहर के एन.एन. दत्त रोड स्थित स्वर्णशिल्पी ऐक्य गणेश पूजा कमेटी के तत्वावधान में लगातार चौथी बार गणेश चतुर्थी पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 14 सितंबर से शुरू होकर 16 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न होगा। बुधवार को आयोजकों ने संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से महोत्सव की विस्तृत कार्यक्रम-सूची की जानकारी दी।

आयोजकों के अनुसार, 14 सितंबर, सोमवार को शाम 6:30 बजे शिलचर रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के महाराज के करकमलों से गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभ उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन संध्या पर शिलचर के प्रसिद्ध फकीरा ग्रुप द्वारा संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा त्रिपुरा के प्रख्यात बाउल कलाकारों द्वारा बाउल संगीत की विशेष प्रस्तुति भी होगी।

15 सितंबर, मंगलवार को सुबह 5:39 बजे से 8:25 बजे के बीच गणेश पूजा का आयोजन किया जाएगा। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। शाम 7 बजे विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

महोत्सव के अंतिम दिन 16 सितंबर, बुधवार को शाम 6 बजे नर्सिंगटला, एन.एन. दत्त रोड स्थित पूजा पंडाल से गणेश प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। पश्चिम बंगाल से आने वाली 20 महिला ढाक वादक अपनी विशेष ढाक वादन प्रस्तुति के साथ शोभायात्रा की अगुवाई करेंगी। गणेश प्रतिमा को वाहन पर लेकर शोभायात्रा शिलचर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सदरघाट स्थित विसर्जन घाट पहुंचेगी, जहां प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष स्वर्णशिल्पी ऐक्य गणेश पूजा कमेटी का गणेश चतुर्थी महोत्सव पहले की अपेक्षा अधिक भव्य, आकर्षक और विशिष्ट बनाने की तैयारी की गई है। पिछले वर्ष करीब 2,500 श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया था। इस बार इससे भी अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद आयोजकों ने जताई है।

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष स्वपन कुमार पाल, सचिव सानी बनिक, कोषाध्यक्ष राजेश चंद्र पाल (राखु) के अलावा सुजीत देवनाथ, राजेश पाल, मधुसूदन पाल, राजीव साहा (बाप्पी), गौतम देव, बलराम धर, रूपन बनिक, सुदन पाल, सुबोध पाल, प्रणय पाल, श्यामल देवनाथ, अजय देवनाथ, प्रदीप देवनाथ, शंकर सरकार, गोपाल बनिक, पिंकू देव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

कमेटी के पदाधिकारियों ने शिलचर तथा आसपास के सभी श्रद्धालुओं से गणेश चतुर्थी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया है।

Leave a Comment