विद्यार्थियों ने सिनेमाघर में देखी ‘हनुमान अंश’, फिल्म को बताया प्रेरणादायक

दर्शकों ने की फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग

विशेष प्रतिनिधि लखनऊ, 09 सितंबर। अर्जुनगंज स्थित महामना शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने बुधवार को सिनेमाघर में ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी। विद्यार्थियों के साथ संस्थान के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे। सामूहिक रूप से फिल्म देखने का उद्देश्य विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ प्रेरणादायक और सकारात्मक संदेश देने वाली फिल्म से जोड़ना था।

फिल्म देखने के बाद विद्यार्थियों ने इसकी कहानी, प्रस्तुति और संदेश की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। दर्शकों ने कहा कि फिल्म में भारतीय संस्कृति, संस्कार और सकारात्मक मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म से प्रभावित दर्शकों ने सरकार से इसे टैक्स फ्री करने की मांग भी की, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए टिकट एवं अल्पाहार की व्यवस्था रविकांत गुप्ता और प्रेमेंद्र शुक्ल के सौजन्य से की गई थी। सामूहिक फिल्म प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। फिल्म समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों ने इसे एक यादगार और उपयोगी अनुभव बताया।

संस्थान के शिक्षकों ने भी कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, प्रेरक कथाओं और सामाजिक मूल्यों से परिचित कराना महत्वपूर्ण है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

Leave a Comment