लाथिंगखाल में विहिप की धर्मसभा एवं बैठक, हिंदू समाज की एकता और संगठन मजबूती पर जोर

जिरीबाम जिले में दक्षिण-पूर्व प्रांत विश्व हिंदू परिषद की पहल; कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एवं धार्मिक जागरूकता बढ़ाने का लिया संकल्प

जिरीबाम, 6 सितंबर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप), दक्षिण-पूर्व प्रांत के तत्वावधान में रविवार को मणिपुर के जिरीबाम जिले के लाथिंगखाल प्रखंड में धर्मसभा एवं बैठक का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में विहिप के कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय हिंदू समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक में हिंदू समाज को संगठित और सशक्त बनाने, धार्मिक एवं सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने संगठन की गतिविधियों को ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा समाजहित के कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और समाज के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि जिरीबाम जिला सिलचर शहर से लगभग 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि लाथिंगखाल प्रखंड जिरीबाम शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर है। सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित इस धर्मसभा एवं बैठक को सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Comment