शिलचर, 6 सितंबर। मादक पदार्थों और अवैध नशीली सामग्री के खिलाफ कछार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को असम-मेघालय सीमा स्थित कालाइनछड़ा पुलिस नाका चेकगेट पर पुलिस ने एक कंटेनर की तलाशी लेकर बड़ी मात्रा में संदिग्ध बर्मी सिगरेट बरामद की। इस सिलसिले में उत्तर प्रदेश के दो कथित सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यूपी-22सीटी-2661 नंबर के कंटेनर में एक गुप्त चैंबर बनाकर सिगरेट छिपाई गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर कालाइनछड़ा टोल गेट स्थित पुलिस नाका चेकगेट पर कंटेनर को रोककर सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के गुप्त चैंबर से कार्टन में रखी बड़ी मात्रा में संदिग्ध विदेशी/बर्मी सिगरेट बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से कंटेनर में सवार उत्तर प्रदेश निवासी राशिद और कटोवाली को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कथित तौर पर मिजोरम से बर्मी सिगरेट को कंटेनर के गुप्त चैंबर में छिपाकर कछार के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग-6 से मेघालय ले जाने का प्रयास किया जा रहा था।
पुलिस ने बरामद सिगरेट से लदे कंटेनर को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित तस्करी के नेटवर्क में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अवैध सिगरेट की खेप कहां पहुंचाई जानी थी।
मामले में पुलिस की जांच जारी है।