‘स्वच्छ-हरित शहर’ के साथ डिजिटल नगर प्रशासन पर जोर, 3 अक्टूबर को मतदान
शिलचर, 6 सितंबर। प्रेरणा भारती के लिए रानू दत्त की रिपोर्ट।
शिलचर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने शहर के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं में व्यापक बदलाव का संकल्प व्यक्त किया है। रविवार को इटखोला स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार शैकिया ने कहा कि विकास को प्राथमिकता देते हुए शिलचर में ‘आमूल परिवर्तन’ लाया जाएगा और शहर को स्वच्छ, हरित एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।
शैकिया ने बताया कि परिसीमन के बाद शिलचर नगर निगम के वार्डों की संख्या 28 से बढ़कर 42 हो गई है। निगम क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 2.70 लाख से अधिक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं तथा अनुसूचित जाति के लिए सीटों का आरक्षण भी किया गया है। नगर निगम चुनाव के लिए मतदान 3 अक्टूबर को होगा, जबकि भाजपा की अंतिम उम्मीदवार सूची 17 सितंबर को जारी की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उम्मीदवारों का चयन पार्टी की निर्धारित संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। सभी 42 वार्डों में संगठन को मजबूत कर चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
उन्होंने ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के माध्यम से शिलचर के सर्वांगीण विकास का दावा करते हुए कहा कि लंबे समय से अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करना, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक कचरा प्रबंधन पर जोर
भाजपा ने नगर निगम के लिए कई योजनाओं की घोषणा भी की। इनमें ‘वन सिटी, वन डिजिटल प्लेटफॉर्म’ की शुरुआत, कचरा प्रबंधन व्यवस्था में क्यूआर कोड और जीपीएस ट्रैकिंग की सुविधा, फाटक बाजार सहित प्रमुख बाजारों का आधुनिकीकरण, सड़क एवं यातायात व्यवस्था में सुधार तथा शहर में 10 हजार स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना शामिल है।
इसके अलावा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘सेवा केंद्र’ स्थापित करने तथा भाषा शहीदों की स्मृति में एक संग्रहालय बनाने की भी घोषणा की गई।
संवाददाता सम्मेलन में सांसद परिमल शुक्लवैद्य, विधायक डॉ. राजदीप राय, किशोर नाथ, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव एवं कनाद पुरकायस्थ, मंत्री कौशिक राय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
बताया गया कि नगर निगम चुनाव के लिए कुल 249 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होने के साथ ही शिलचर में चुनावी गतिविधियां भी जोर पकड़ने लगी हैं।