शिलचर, 5 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को शिलचर के गोविंदबाड़ी परिसर में विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर गोविंदबाड़ी में नवनिर्मित विश्व हिंदू परिषद भवन में विशेष धर्मसभा आयोजित की गई। धर्मसभा में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों सहित शांतनु नायक, पूर्णचंद्र मंडल समेत संगठन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक महत्व तथा सनातन धर्म से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार व्यक्त किए।
इसके साथ ही गोविंदबाड़ी परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक इन कार्यक्रमों में भाग लिया। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। सुबह से ही गोविंदबाड़ी परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी और दिन बढ़ने के साथ परिसर में भीड़ बढ़ती गई।
पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का यह आयोजन श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।