चांगलांग (अरुणाचल प्रदेश): एक बड़े अभियान के तहत ४ असम राइफल्स के जवानों और अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने चांगलांग जिले में पांच म्यांमार नागरिकों को हिरासत में लिया। इनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान नोकवांग ताइखे (३५), वेंचक ताइखे (२१), चक्सांग ताइखे (१६), वेन्नॉ टुची (१२) और डंगेन काचिक (१५) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वेंचक ताइखे और चक्सांग ताइखे महिलाएं हैं, जबकि नोकवांग ताइखे, वेन्नॉ टुची और डंगेन काचिक पुरुष हैं। सभी म्यांमार के डोंगशी जिले के नोकपा गांव के निवासी बताए गए हैं।
हिरासत में लिए गए सभी पांचों लोगों को आवश्यक दस्तावेजीकरण और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि चांगलांग जिले की अंतरराष्ट्रीय सीमा का एक बड़ा हिस्सा म्यांमार से सटा हुआ है। सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं।