शिक्षक दिवस पर महामना शिक्षण संस्थान में शिक्षकों का सम्मान

विशेष प्रतिनिधि लखनऊ, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर महामना शिक्षण संस्थान, लखनऊ में शनिवार को शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के तीन शिक्षकों वेंकटेश्वर पांडेय, नरेंद्र मिश्रा और दुर्गेंद्र जी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन जी ने शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के पूर्व प्रचारक अवनींद्र चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाए जाने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी परंपरा के तहत प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाकर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की जाती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषयों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और जीवन में सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और शिक्षा के प्रति सम्मान है।

कार्यक्रम के पश्चात स्वांत रंजन जी ने संस्थान के विद्यार्थियों के बीच आयोजित मैत्री वॉलीबाल मैच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई नई खेल सामग्री का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक प्रमोद जी, राजकिशोर जी तथा समर्थ भारत के प्रमुख दिलीप कुमार सहित संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment