गुप्त चैंबर से १.२० लाख बर्मीज सिगरेट बरामद

दिगरखाल चेकपोस्ट पर उत्तर प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार

शमीन्द्र पाल, काठीघोड़ा, ३ सितंबर: असम-मेघालय सीमा स्थित दिगरखाल नाका चेकपोस्ट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर वाहन से करीब १.२० लाख बर्मीज सिगरेट बरामद की। सिगरेट को वाहन के अंदर बनाए गए एक गुप्त चैंबर में छिपाकर रखा गया था। मामले में उत्तर प्रदेश के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, UP 22 T 2661 नंबर के कंटेनर वाहन को दिगरखाल नाका चेकपोस्ट पर रोककर तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने वाहन के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की, जिसमें एक गुप्त चैंबर का पता चला।
चैंबर खोलने पर उसके अंदर बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट मिले। तलाशी के दौरान कुल ६०० पैकेट बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट में करीब २०० सिगरेट होने के कारण बरामद सिगरेट की कुल संख्या लगभग १ लाख २० हजार बताई गई है।
पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश निवासी रशीद और फैजान को गिरफ्तार किया है। सिगरेट के साथ कंटेनर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment