कृष्ण-राधा के रूप में नन्हे विद्यार्थियों ने मोहा मन
शमीन्द्र पाल, काठीघोड़ा, 4 सितंबर: जन्माष्टमी के अवसर पर धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक माहौल से कछार जिले के काठीघोड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बिहाड़ा सरस्वती विद्या निकेतन का परिसर भक्तिमय हो उठा। नन्हे विद्यार्थियों द्वारा कृष्ण-राधा का रूप धारण करने तथा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से शुक्रवार को विद्यालय परिसर में मानो छोटे वृंदावन का दृश्य साकार हो उठा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या भारती दक्षिण असम प्रांत के संगठन मंत्री महेश भगवत और विद्यालय के प्रधान आचार्य बनमाली शुक्लवैद्य ने किया। इसके बाद श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित विद्यार्थियों के अभिनय, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं धार्मिक कार्यक्रमों से विद्यालय परिसर जीवंत हो उठा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कृष्ण और राधा के रूप में सजे नन्हे विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। मोरपंखी मुकुट, बांसुरी और पारंपरिक वेशभूषा में सजे नन्हे कृष्णों के साथ छात्राओं ने भी राधा के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनकी मासूम उपस्थिति और जीवंत प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों का विशेष रूप से मन मोह लिया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय परंपरा, संस्कृति और मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम में अपर्णा शुक्लवैद्य, रणेश्वर चक्रवर्ती, मनुज सिन्हा, विश्वजीत साहा, ब्यूटी राय, पापिया दास, लिजा दे और सिम्पी रानी दे सहित विद्यालय के अन्य आचार्य एवं आचार्याएं उपस्थित रहे।