लखनऊ में हिंदू युवा वाहिनी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या, ड्राइवर की भूमिका सामने आई

विशेष प्रतिनिधि लखनऊ, 31 अगस्त: हिंदू युवा वाहिनी के नेता एवं मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार से लापता धीरेंद्र का शव रविवार को दुबग्गा क्षेत्र की एक नहर से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, उन्हें दो गोलियां मारी गई थीं।

Screenshot

उन्नाव निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह लखनऊ के पीजीआई इलाके में परिवार के साथ रहते थे। वह महाराणा प्रताप चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष होने के साथ प्रॉपर्टी और ट्रांसपोर्ट कारोबार से भी जुड़े थे।

धीरेंद्र की पत्नी ने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनके पति को ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अगवा किया है। जांच के दौरान पुलिस ने ड्राइवर समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में ड्राइवर की भूमिका सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे उन्नाव की करीब 50 करोड़ रुपये की जमीन से जुड़े विवाद को अहम वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि धीरेंद्र ने इस जमीन विवाद को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी शिकायत की थी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। मामले की जांच के लिए छह टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में और लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment