शिलचर, 30 अगस्त। शिलचर ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को पहली बार ‘फ्रीडम कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह 7:30 बजे रंगपुर के करातिग्राम स्थित प्रदीप भवन से निकली भव्य रैली के साथ हुई। रैली सदरघाट प्वाइंट होते हुए पुनः प्रदीप भवन पहुंची।
रैली में एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र चंद्र दास, महासचिव बशिष्ठ दास, टूर्नामेंट निदेशक रोमी शेख, कोच, रेफरी, अभिभावकों सहित 200 से अधिक खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी शामिल हुए। प्रदीप भवन में अध्यक्ष योगेंद्र चंद्र दास ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य एवं अतिथियों के स्वागत-सम्मान के पश्चात प्रतियोगिताएं शुरू हुईं।
चैंपियनशिप में क्योरुगी, व्यक्तिगत पूमसे, पेयर एवं ग्रुप पूमसे, फ्रीस्टाइल पूमसे तथा स्पीड किक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में बराक घाटी के काछार, हैलाकांडी, करीमगंज, रंगपुर, उधारबंद, लखीपुर, बदरपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के करीब 200 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। रेफरी, आयोजन कर्मियों और दर्शकों को मिलाकर कार्यक्रम में 400 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही।
टूर्नामेंट निदेशक रोमी शेख के नेतृत्व में प्रतियोगिता शाम तक चली। समापन पर ‘सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी’, ‘सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी’ और ‘सर्वश्रेष्ठ टीम ट्रॉफी’ सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में उधारबंद के विधायक राजदीप गोयाला विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिलचर ताइक्वांडो एसोसिएशन ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित कर उनमें स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना विकसित करना है।